श्रीगंगानगर , अप्रैल 09 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर बार संघ के वयोवृद्ध एवं वरिष्ठ अधिवक्ता काशीराम रिणवा के परिवार ने उनके निधन के बाद उनकी स्मृति में बार संघ के अधिवक्ताओं के हितार्थ 11 लाख रुपयेका सहयोग राशि प्रदान की है।
इस राशि का चेक गुरुवार को दिवंगत काशीराम रिणवा के निवास स्थान पर उनके दोनों पुत्रों तथा अन्य परिवारजनों द्वारा बार संघ के प्रतिनिधियों को सौंपा।
बार कौंसिल ऑफ राजस्थान के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट नवरंग चौधरी तथा श्रीगंगानगर बार संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट विजय रेवाड़ ने बताया कि दिवंगत काशीराम रिणवा विधि व्यवसाय के प्रति पूर्ण समर्पण, बार एसोसिएशन श्रीगंगानगर के प्रति गहरा स्नेह तथा उनकी प्रेरणादायी जीवनी से प्रभावित होकर उनके परिवारने यह उदार सहयोग दिया है।
आज रिणवा परिवार के सदस्यों ने 11 लाख रुपये का चेक नवरंग चौधरी, विजय रेवाड़ तथा बार संघ के सदस्य विक्रमसिंह सिहाग एडवोकेट को सौंपा।
श्रीगंगानगर बार संघ के अध्यक्ष हंसराज तनेजा सहित समूची कार्यकारिणी और अनेक अधिवक्ताओं ने रिणवा परिवार के इस नेक कार्य के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
बार संघ ने स्पष्ट किया कि इस राशि का उपयोग अधिवक्ताओं की विभिन्न सुविधाओं के विकास और उनके हित में किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित