नैनीताल , मार्च 28 -- उत्तराखंड में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने वन विभाग के एक बाबू को शनिवार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि अल्मोड़ा के जागेश्वर में वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात नवीन नौटियाल की ओर से शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गढ़ान-ढुलान कार्य के लिए पंजीकरण के नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के एवज में 25,500 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
सतर्कता अधिष्ठान की ओर से शिकायत का परीक्षण कर मुकदमा दर्ज कर एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने आरोपी को आज 25500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यह भी बताया गया है कि इस मामले में जागेश्वर के वन क्षेत्राधिकारी (फॉरेस्ट रेंजर) आशुतोष जोशी का नाम भी सामने आया है। उनके खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित