मुरैना , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने के दौरान वन रक्षक हरकेश गुर्जर की कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद दर्ज प्रकरण में ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी, ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान तथा पवन तोमर को आरोपी बनाया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह डावर ने बताया कि इस मामले में ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान को लगभग 55 घंटे बाद गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी चालक विनोद कोरी और दूसरा पार्टनर पवन तोमर अभी फरार हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। अधिकारी के अनुसार घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को पहले ही जब्त कर लिया गया था और मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित