शिवपुरी , दिसंबर 21 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़हल डांग के पास वन भूमि पर अवैध रूप से चर्च का निर्माण किए जाने की सूचना पर वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और आज वन भूमि पर किया गया अवैध निर्माण हटा दिया।
बदरवास थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि लगभग सात वर्ष पूर्व क्षेत्र में रहने वाले भील एवं बरेला जाति के 50 से 100 के बीच आदिवासियों ने धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म अपना लिया था। इन्हीं लोगों द्वारा उसी आदिवासी जनजाति के अन्य लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसके साथ ही वन भूमि पर अवैध कब्जा कर चर्च के निर्माण की कोशिश की जा रही थी।
सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटवाया और धर्म परिवर्तन की कोशिश कर रहे लोगों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही ग्राम गुड़हल डांग में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए लगातार पुलिस निगरानी के प्रबंध किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित