भराड़ीसैंण , मार्च 10 -- उत्तराखंड विधानसभा (विस) के बजट सत्र में दूसरे दिन मंगलवार को प्रश्न काल में विधायक आशा नौटियाल के सवाल के जवाब में वन और संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि वन्य जीवों से होने वाले कई तरह के नुकसान पर अभी तक मुआवजे की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेकर लोगों को राहत प्रदान की है। उन्होंने बताया कि वन्य जीवों के हमले से मौत पर मिलने वाले मुआवजे को छह लाख करना बेहद अहम फैसला रहा है। पहले ऐसे मामलों में चार लाख मुआवजा दिया जा रहा था। इसी तरह, ततैंया, मधुमक्खी के हमले में भी मुआवजे की सरकार ने व्यवस्था की है।
श्री उनियाल ने बताया कि राहत देने के लिए सरकार के प्रयास अभी थमे नहीं हैं। अब सरकार भालुओं से किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को भी मुआवजे के दायरे में लाने की कोशिश में जुटी है। भालुओं से मकान-भवनों को होने वाले नुकसान पर सरकार पहले ही मुुआवजे की व्यवस्था कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भालुओं के व्यवहार में आए परिवर्तन और इससे हो रहे नुकसान पर भी सरकार की निगाह है। इसी लिए, भारतीय वन्य जीव संस्थान को इस विषय पर रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर सरकार जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि भालुओं से फसल के नुकसान पर मुआवजा देने के संबंध में भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित