आगर-मालवा , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले के सुसनेर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) सर्वेश कुमार यादव को अभिभाषक संघ के साथ चल रहे विवाद के बीच जिला प्रशासन ने पद से हटा दिया है।
कलेक्टर प्रीति यादव ने आज जारी आदेश में सर्वेश कुमार यादव को सुसनेर से हटाकर आगर-मालवा कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ कर दिया है। वहीं कलेक्टर कार्यालय में पदस्थ प्रभारी डिप्टी कलेक्टर किरण बरबड़े को सुसनेर-नलखेड़ा का नया अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नियुक्त किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
गौरतलब है कि सुसनेर और नलखेड़ा अभिभाषक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज कलेक्टर से मुलाकात कर एसडीएम की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। अभिभाषक संघ के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एसडीएम की कार्यशैली के कारण आम नागरिकों, पक्षकारों और अधिवक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा मामलों के निपटारे में पारदर्शिता की कमी और अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित