हरदोई , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में वंदे भारत एक्सप्रेस 22489 पर गुरुवार दोपहर हुई पत्थरबाजी की घटना के मामले में आरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने दो नाबालिग बच्चों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में दोनों ने हरदोई और कौढ़ा स्टेशन के बीच कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के बलोखर रेलवे फाटक के पास शरारतवश पत्थर फेंकने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि पत्थर लगने से ट्रेन के सी-4 कोच में सीट नंबर 60-61 के पास खिड़की का शीशा टूट गया था। घटना के समय ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी सवार थे, जिन्हें लखनऊ से मेरठ जाना था। उनके ट्रेन में होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई थीं और मामले की जांच तेज कर दी गई थी।

सीसीटीवी फुटेज और कपड़ों की पहचान के आधार पर पुलिस ने कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव से 12 और 13 वर्ष के दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। इनमें एक हरदोई का निवासी है, जबकि दूसरा उसका मौसेरा भाई है, जो शाहजहांपुर से आया था। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे खेलते-खेलते पुल के पास पहुंच गए थे और ट्रेन आते देख पहले हाथ हिलाया, फिर पास पड़े पत्थर शरारत में फेंक दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित