रांची , दिसंबर 13 -- झारखंड कैडर की आईएएस अधिकारी वंदना दादेल और पेयजल विभाग के प्रधान सचिव मस्तराम मीणा को मुख्य सचिव (सीएस) रैंक में प्रोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

राज्य सरकार ने इससे संबंधित संचिका पर सहमति दे दी है। वंदना दादेल को यह लाभ एक जनवरी 2026 से मिलेगा। इससे संबंधित आदेश जल्द जारी होंगे। दोनों 1996 बैच के अफसर हैं। यह प्रमोशन झारखंड प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगा। वर्तमान में झारखंड कैडर के तीन सीएस रैंक के अधिकारी केंद्रीय प्रतिनिधित्व पर हैं। इनमें 1991 बैच के शैलेश कुमार सिंह (ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव), 1992 बैच की निधि खरे (उपभोक्ता मामले की सचिव) और 1995 बैच के सत्येंद्र सिंह (कैबिनेट सचिवालय में एडिशनल सेक्रेटरी) शामिल हैं।

शैलेश सिंह 31 मार्च 2026 को रिटायर होंगे। राज्य में मुख्य सचिव अविनाश कुमार (1993 बैच), राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी (1995 बैच) और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह (1995 बैच) सीएस रैंक के हैं। कॉमर्शियल टैक्स विभाग के सेक्रेटरी अमिताभ कौशल (2001 बैच) को प्रिंसिपल सेक्रेटरी रैंक में प्रोन्नत किया जाएगा।

प्रधान सचिव रैंक में 1999 बैच के राहुल पुरवार और सुनील कुमार हैं, जबकि विनय चौबे सस्पेंड हैं। केंद्रीय प्रतिनिधित्व पर 1997 बैच के सुनील वर्णवाल (नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के सीईओ), 1998 बैच के राहुल शर्मा (कैबिनेट सचिवालय में एडिशनल सेक्रेटरी), केके सोन (जलशक्ति मंत्रालय), हिमानी पांडेय (प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्रीज एंड इंटरनल ट्रेड) और अराधना पटनायक (स्वास्थ्य मंत्रालय) एडिशनल सेक्रेटरी हैं।

राज्य सरकार ने दो आईएएस अफसरों को सचिव रैंक में प्रोन्नति दी है। इनमें कॉमर्शियल टैक्स कमिश्नर अमित कुमार (2010 बैच) और केंद्रीय प्रतिनिधित्व पर तैनात अमित कुमार (ट्राइबल अफेयर्स मिनिस्ट्री में पीएस, 2010 बैच) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित