लखनऊ , फरवरी 27 -- पड़ोसी से जमीन विवाद को लेकर एक महिला ने शुक्रवार अपरान्ह एक बजे के करीब लोकभवन के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। महिला ने जैसे ही अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते और पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बचा कर हजरतगंज पुलिस के हवाले कर दिया।
हजरतगंज पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला सुमन (परिवर्तित नाम) न्यू श्रीनगर, मानकनगर की रहने वाली है। पूछताछ में महिला ने बताया कि उनका अपने पड़ोसी से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि पड़ोसी द्वारा कथित रूप से भूमि पर अतिक्रमण किया गया है तथा विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को धमकियां दी गईं।
महिला का कहना है कि उन्होंने पहले भी भूमि की पैमाइश और सीमांकन के लिए आवेदन दिए थे, लेकिन अब तक स्पष्ट समाधान नहीं हो सका। हजरतगंज पुलिस ने आगे की कार्रवाई के लिये महिला को थाना मानकनगर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस ने बताया कि राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर अभिलेखों की जांच कराई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं लखनऊ पुलिस ने अपील की है कि किसी भी विवाद के समाधान के लिए आत्मघाती कदम उठाना उचित नहीं है। संबंधित महिला को परामर्श और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित