रांची , फरवरी 06 -- झारखंड के राज्यपाल के निर्देश पर आम नागरिकों के लिए खोले गए लोक भवन उद्यान को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

शुक्रवार को कुल 49,124 लोगों ने लोक भवन उद्यान का दौरा किया, जबकि अब तक कुल 1,07,183 नागरिक उद्यान का भ्रमण कर चुके हैं। 2 फरवरी से 8 फरवरी तक खुले इस उद्यान का बड़ी संख्या में लोग भ्रमण कर रहे हैं।

लोक भवन उद्यान आम नागरिकों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुला रहता है। हालांकि दोपहर 1 बजे के बाद प्रवेश बंद कर दिया जाता है। आगंतुकों को लोक भवन के गेट संख्या-2 से सुरक्षा जांच के बाद प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। ताकि सभी आगंतुक निर्धारित समय के भीतर उद्यान का शांतिपूर्ण ढंग से भ्रमण कर सकें।

प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए उद्यान भ्रमण का आनंद लें, ताकि व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

लोक भवन उद्यान का यह आयोजन आम जनता को राजभवन परिसर के प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली से रूबरू कराने की एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित