चंडीगढ़ , दिसंबर 20 -- पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने शनिवार को कहा कि राज्य भर में सड़कों के उन्नयन और मरम्मत का काम पूरी गति से चल रहा है और संपर्क सड़कों सहित हर स्तर पर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जा रहा है।

श्री हरभजन सिंह ने बताया कि पंजाब की विभिन्न मंडी समितियों में 10262 किलोमीटर संपर्क सड़कों की विशेष मरम्मत और आधुनिकीकरण का कार्य 1543 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, संपर्क सड़कों के आधुनिकीकरण के लिए विशेष सहायता कार्य भी उनकी सरकार द्वारा शुरू किये गये हैं। उन्होंने बताया कि 7,767 किलोमीटर संपर्क सड़कों पर 2,920 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है और योजनाबद्ध सड़कों के लिए 2,834 किलोमीटर सड़क के उन्नयन के लिए 2,363 करोड़ रुपये की विशेष पहल की गयी है।

समीक्षा बैठक के दौरान, मंत्री हरभजन सिंह ने विभाग के अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण को सुनिश्चित करने के लिए बुनियादी ढांचागत कार्यों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सड़क निर्माण स्थलों का अचानक निरीक्षण भी कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चल रहे कार्यों में तेजी लायी जाये, ताकि बिटुमिनस परत को छोड़कर बाकी सभी कार्य समय पर पूरे हो जायें।

घने कोहरे को देखते हुए, ईटीओ ने विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक स्थल पर सड़क सुरक्षा कार्यों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों को समय पर और सुरक्षित रूप से कार्यों को पूरा करने के लिए लगन और ईमानदारी से काम करने का निर्देश दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित