बैतूल , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सात वर्षों से अलग रह रहे एक दंपती ने तलाक का फैसला बदलते हुए फिर से साथ रहने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार अशोक और नेहा मायावाड़ी का विवाह लगभग आठ वर्ष पूर्व हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच पारिवारिक मतभेद बढ़ गए थे, जिसके चलते वे पिछले सात वर्षों से अलग-अलग रह रहे थे और आपसी सहमति से न्यायालय में तलाक के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किया था।
आज राष्ट्रीय लोक अदालत में जब उनका मामला सुनवाई के लिए रखा गया, तब न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों को समझाइश दी और पारिवारिक तथा वैवाहिक संबंधों के महत्व को बताते हुए मतभेद भुलाकर साथ रहने का प्रयास करने की सलाह दी।
समझाइश के बाद दोनों ने तलाक का फैसला बदलते हुए अपने वैवाहिक संबंध को एक और अवसर देने का निर्णय लिया। इसके बाद लोक अदालत परिसर में ही दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मचारियों और अन्य लोगों ने दंपती के इस निर्णय का स्वागत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित