भोपाल , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश में लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भोपाल में एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह के मार्गदर्शन में की गई। आवेदक दूधनाथ शुक्ला निवासी सुल्तानाबाद, भोपाल की शिकायत पर यह ट्रैप कार्रवाई की गई।

शिकायत के अनुसार आवेदक ने वर्ष 1993 में अपनी पत्नी के नाम पर कोटरा सुल्तानाबाद स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में ईडब्ल्यूएस मकान लिया था। उक्त मकान की लीज नवीनीकरण के लिए मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के कार्यालय में पदस्थ डाटा एंट्री ऑपरेटर ज्ञानेंद्र कुमार पटेल द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत का सत्यापन कराने के बाद आज लोकायुक्त की टीम ने कार्यालय प्रक्षेत्र-एक, संपदा शाखा प्रबंधक, गोमंतिका परिसर, जवाहर चौक स्थित कार्यालय में आरोपी को आवेदक से पहली किस्त के रूप में 5 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।

आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक बी.एम. द्विवेदी, निरीक्षक रजनी तिवारी सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित