फगवाड़ा , अप्रैल 10 -- पंजाब के होशियारपुर से लोकसभा सदस्य डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने शुक्रवार को दाना मंडी फगवाड़ा का दौरा कर गेहूं की खरीद संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ उपायुक्त आकाश बंसल, मेयर रामपाल उप्पल और आप नेता हरनूर सिंह हरजीमान भी मौजूद रहे।
डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार किसानों की फसल की खरीद के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को मंडियों में किसी प्रकार की कोई समस्या न आए, इसके लिए पहले से ही सभी प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा और समय पर भुगतान भी किया जाएगा।
इस दौरान उपायुक्त बंसल ने बताया कि दाना मंडी फगवाड़ा में लगभग एक लाख टन गेहूं आने की उम्मीद है और जिला प्रशासन द्वारा मंडी में खरीद प्रक्रिया और ढुलाई के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडी में किसी भी प्रकार की दिक्कत न आने दी जाए और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चलाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जमीनी स्तर पर मंडी में सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले की सभी मंडियों में आवश्यक मात्रा में बोरियां (बारदाना) उपलब्ध हैं।
उपायुक्त ने किसानों से अपील की कि वे मंडियों में सूखी फसल लेकर आएं, ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित