नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- लोकसभा में विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में बोलने नहीं देने का आरोप लगाते हुए बुधवार को भी भारी हंगामा किया जिसके कारण कोई कामकाज नहीं हुआ और सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित करनी पड़ी।
तीन बार के स्थगन के बाद शाम पांच बजे पीठासीन अधिकारी संध्या राय ने जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरु की तो विपक्षी सदस्य तेजी से सदन के बीचों बीच आ गये और हंगामा करने लगे।
पीठासीन अधिकारी ने भाजपा के पी पी चौधरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलने के लिए कहा। श्री चौधरी ने अपनी बात रखते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। इस बीच सदन में लगातार भारी शोर शराबा होता रहा। श्रीमती राय ने बार बार सदस्यों से शांत होने का आग्रह किया लेकिन उनकी बात नहीं सुनी और हंगामा और तेज हो गया जिसके बाद पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही दिनभर के लिये स्थगित कर दी।
इससे पहले 11 बजे अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरु की तो विपक्षी सदस्यों ने हंगामा करते हुए सदन के बीचों बीच आकर नारेबाजी शुरु कर दी। इसे देखते हुए उन्होंने सदन को 12 बजे तक स्थगित कर दिया । कार्यवाही पुन: बारह बजे शुरू होते ही सदस्य हंगामा करने लगे और हंगामे के बीच जरूरी दस्तावेज पटल पर रखवाए गये। इससे पहले दो बजे सदन की कार्यवाही होते ही विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी की और कई सदस्य नारे लगाते हुए बैनर के साथ आसन के समक्ष आ गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित