नयी दिल्ली , दिसम्बर 19 -- लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुक्रवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई जिसके साथ ही संसद का शीतकालीन सत्र संपन्न हो गया। एक दिसम्बर से शुरू हुए इस सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें हुई और इसमें मनरेगा का स्थान लेने वाले विकसित भारत जी राम जी विधेयक तथा परमाणु ऊर्जा क्षेत्र के उदारीकरण से संबंधित शांति विधेयक सहित आठ विधेयक पारित किये गए। सत्र में चुनाव सुधारों और वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में दो विशेष चर्चाएं भी हुई। हालांकि सहमति बनने के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में प्रदूषण की विकराल स्थिति पर चर्चा नहीं हो सकी।
लोकसभा ने दो विधेयकों 'विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक' और 'प्रतिभूति बाजार संहिता विधेयक 2025' को विस्तृत अध्ययन के लिए संयुक्त समिति को भेज दिया।
मानसून सत्र की तुलना में शीतकालीन सत्र में दोनों सदनों में कम व्यवधान हुआ और दोनों सदनों में कामकाज अच्छा रहा। लोकसभा में 111 प्रतिशत और राज्यसभा में 121 प्रतिशत कामकाज हुआ। मानसून सत्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के कारण ज्यादातर समय कार्यवाही बाधित रही थी।
दोनों सदनों ने मणिपुर वस्तु एवं सेवा कर (दूसरा संशोधन) विधेयक 2025, केंद्रीय उत्पाद शुल्क (संशोधन) विधेयक 2025, स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर विधेयक-2025, नाभिकीय ऊर्जा का सतत दोहन तथा उन्नयन विधेयक, 2025 (संक्षिप्त नाम शांति विधेयक, 2025), सबका बीमा सबकी रक्षा (बीमा विधि संशोधन विधेयक) 2025, विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन- ग्रामीण (विकसित भारत जी राम जी) विधेयक 2025 और निरसन एवं सशोधन विधेयक 2025 पारित किये।
इसके अलावा दोनों सदनों ने जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) संशोधन अधिनियम को मणिपुर में लागू करने संबंधी सांविधिक संकल्प को भी मंजूरी दी।
राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने अपने समापन वक्तव्य में कहा कि यह सत्र काफी सार्थक रहा और सदस्यों ने जरूरी विधायी कामकाज पूरा कराने में अच्छा सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा का 269वां सत्र उपलब्धियों भरा रहा है। इस दौरान शून्यकाल में प्रतिदिन औसतन 15 विषय उठाये गये और 87 विषय विशेष उल्लेख के तहत उठाये गये। सदन ने ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण विषयों तथा विधेयकों पर सार्थक तथा अच्छी बहस की।
उन्होंने पहली बार सदन की कार्यवाही के संचालन में उनका सहयोग करने के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित