लखनऊ/कादीपुर , नवम्बर 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जनजागरण का अभियान है। जिससे लोकतंत्र मजबूत होता है और मजबूत लोकतंत्र ही राष्ट्र निर्माण का आधार बनता है।

श्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को संत तुलसीदास महाविद्यालय, कादीपुर (सुलतानपुर) में आयोजित मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत सुलतानपुर, अमेठी, जौनपुर और प्रतापगढ़ जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, बीएलए-1, मंडल अध्यक्षों तथा अभियान संयोजकों-सह संयोजकों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की नींव है। हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़े और हर बोगस नाम हटाया जाए, इसी संकल्प के साथ कार्यकर्ताओं को अपने दायित्व को धर्म मानकर इस अभियान में जुटना चाहिए। यह अभियान गांव की गलियों से शहर की बस्तियों तक हर द्वार पर दस्तक देने की प्रेरणा देता है। हर बूथ, हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचकर मतदाताओं को जागरूक करना ही उद्देश्य है।

उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटे नहीं और कोई भी अपात्र नाम मतदाता सूची में न रहे, इसके लिए जिला और विधानसभा स्तर पर वॉर रूम बनाए गए हैं। ये वॉर रूम प्रदेश स्तर के वॉर रूम से तकनीकी रूप से जुड़े रहेंगे, जिससे अभियान को गति और समन्वय मिलेगा। संगठनात्मक तालमेल, तकनीकी दक्षता, सतत मॉनीटरिंग, जनसंपर्क और संवाद से यह अभियान एक व्यापक जन आंदोलन के रूप में परिवर्तित होगा।

प्रदेश महामंत्री ने कहा कि विधानसभा स्तर पर बीएलए-1, बूथ स्तर पर बीएलए-2 और नियुक्त बूथ प्रवासी मिलकर सहयोग की नई शक्ति बनेंगे। तीनों इकाइयों को आपसी समन्वय से कार्य करना होगा। बूथ अध्यक्ष को साथ लेकर प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने की रणनीति तैयार की जाए। संपर्क, सत्यापन और सूचनाओं के आदान-प्रदान से अभियान में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि एकजुट होकर इस लोकतांत्रिक दायित्व को निभाएं। प्रमाणिक और त्रुटिहीन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है और भाजपा इसके लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित