लखनऊ , फरवरी 01 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को संत रविदास की 649वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बाराबिरवा, कानपुर रोड स्थित संत रविदास मठ में संत रविदास की प्रतिमा एवं सभागार का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की साधना और कर्मयोग समाज को जोड़ने तथा लोककल्याण के प्रति प्रतिबद्ध बनाते हैं। उनकी वाणी आज भी "एक भारत-श्रेष्ठ भारत" के निर्माण की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संत रविदास के कथन "मन चंगा तो कठौती में चंगा" का उल्लेख करते हुए कहा कि कर्म की शुद्धता ही जीवन की दिशा तय करती है। उन्होंने बताया कि संतों ने मध्यकाल में भी सामाजिक समरसता का मार्ग प्रशस्त किया, उसी नींव पर आज का भारत खड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की प्रेरणा से ही शासन की योजनाएं अंतिम पंक्ति तक पहुंच रही हैं। गरीबों के बैंक खाते, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, राशन और स्वास्थ्य सुविधाएं इसी सोच का परिणाम हैं, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ-सबका विकास" विजन से गति मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित