हनुमानगढ़ , मार्च 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई आरजू बिश्नोई के सक्रिय गिरोह से जुड़े चार और कुख्यात बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने नोहर में पत्रकारों को बताया कि भिरानी थाना क्षेत्र के गांव सागडा निवासी हिस्ट्रीशीटर अनिल उर्फ चोटिया उर्फ गुरु गोस्वामी (32) को दो अवैध देशी पिस्तौलों सहित गिरफ्तार किया गया है। अनिल के खिलाफ मादक पदार्थ, आबकारी, अवैध हथियार, हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट सहित कुल 20 मामले दर्ज हैं। इनमें श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शार्प शूटर आकाश निगम भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा मोनू जाट (23) संदीप नाई (33) को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि इन दोनों को नोहर के वार्ड नंबर 33 निवासी शहनवाज उर्फ सद्दाम की हत्या का लक्ष्य दिया गया था। दोनों श्रीगंगानगर में घायल आकाश निगम और इसी गिरोह के शिवा गुर्जर से संबंधित थे। उन्होंने शहनवाज की रैकी में मदद की और शरण भी उपलब्ध कराई। अनिल उर्फ चोटिया का भी इनके साथ संपर्क था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित