चंडीगढ़ , अप्रैल 21 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित प्रस्तावित टीवी सीरीज़ 'लॉरेंस ऑफ पंजाब' पर कड़ी आपत्ति जतायी है।
उन्होंने कहा कि यह सीरीज़ न केवल गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा देगी, बल्कि पंजाब, पंजाबी और पंजाबियतकी छवि को भी ठेस पहुंचाएगी।
राजा वडिंग ने कहा कि गुरुओं, ऋषियों और पीरों की पवित्र धरती पंजाब को किसी गैंगस्टर के नाम से जोड़ना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह ने प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूजेवाला समेत कई निर्दोष लोगों की हत्या की है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की टीवी सीरीज़ युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालेगी और अपराध की दुनिया को महिमामंडित करेगी। उन्होंने कहा, " यह कला या मनोरंजन नहीं, बल्कि युवाओं को अपराध की ओर उकसाने का काम है।"राजा वडिंग ने इस टीवी सीरीज़ के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए इसके निर्माताओं के फैसले पर सवाल उठाये। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किये। उन्होंने यह भी कहा कि लॉरेंस बिश्नोई का पंजाब से कोई संबंध नहीं है, क्योंकि वह मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला हैऔर फिलहाल गुजरात की साबरमती जेल में बंद है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि वह इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में जनहित याचिकाभी दायर करेंगे, क्योंकि यह सीरीज़ युवाओं पर खतरनाक प्रभाव डाल सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित