बेरूत , मार्च 03 -- लेबनान के राष्ट्रपति मिशेल आउन ने कहा है कि सरकार का हिज्बुल्ला की सैन्य गतिविधियों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने का फैसला 'अंतिम' है और इससे पीछे हटने का कोई सवाल नहीं है।
श्री आउन ने कहा कि मंत्रिमंडल के निर्णय के तहत हिज़्बुल्ला को अपने हथियार राज्य को सौंपने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युद्ध और शांति से जुड़े निर्णय लेने का अधिकार केवल सरकार के पास है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी बयान में कहा कि यह निर्णय लेबनानी राज्य के उस अधिकार को सुरक्षित करेगा, जिसके तहत युद्ध और शांति का निर्णय केवल सरकार ही ले सकती है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया, जब हाल में सीमा पार हमले तेज हुए। हिज़्बुल्ला ने ईरान पर इजरायल-अमेरिका कार्रवाई के जवाब में इजरायल की ओर रॉकेट दागे थे। नवंबर 2024 में हुए संघर्षविराम के बाद यह पहली बार था, जब हिज़्बुल्ला ने इजरायल पर रॉकेट दागे। इजराइल की जवाबी कार्रवाई में लेबनान में कम से कम 52 लोगों के मारे जाने की खबर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित