देहरादून , फरवरी 26 -- सेना की मध्य कमान के कमाण्डर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने गुरुवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से उनके देहरादून के न्यू कैंट रोड स्थित शासकीय आवास में शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान राज्य में पूर्व सैनिकों के कल्याण, सैन्य परंपराओं के संरक्षण तथा नागरिक सैन्य समन्वय से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान उन्होंने श्री जोशी को सूर्या कमाण्ड की पुस्तक ''द् वॉयेज ऑफ सूर्या कमाण्ड'' भेंट की। मुलाकात के बाद श्री जोशी और लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने देहरादून स्थित भव्य सैन्यधाम का संयुक्त निरीक्षण भी किया।

उन्होंने सैन्यधाम में स्थापित शहीदों की स्मृति को समर्पित संरचनाओं, दीर्घाओं तथा विकसित की जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया और इसे देशभक्ति एवं सैन्य गौरव का प्रतीक बताया। सेन्य कमाण्डर ने राज्य सरकार की ओर से सैनिकों, पूर्व सैनिकों के हितों में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा सैन्यधाम के निर्माण एवं विकास को एक ऐतिहासिक पहल बताया।

वहीं, श्री जोशी ने कहा कि उत्तराखण्ड "वीरों की भूमि" है और राज्य सरकार शहीद सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित