नयी दिल्ली , मार्च 23 -- ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सुर्खियों में रहे लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कुमाऊं रेजीमेंट, कुमाऊं स्काउट और नागा रेजीमेंट के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट का प्रतिष्ठित पद संभाल लिया है।

उन्होंने यह जिम्मेदारी लेफ्टिनेंट जनरल रामचंद्र तिवारी के स्थान पर संभाली है।

लेफ्टिनेंट जनरल घई अभी सेना में डिप्टी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (स्ट्रेटजी) के पद पर हैं।

कर्नल ऑफ द रेजिमेंट का पद अत्यंत सम्मान और परंपरा से जुड़ा होता है, जो नेतृत्व, मार्गदर्शन और सैनिकों के साथ गहरे संबंध का प्रतीक है। इस पद को संभालते हुए लेफ्टिनेंट जनरल घई ने इन जांबाज़ और गौरवशाली रेजिमेंट्स का नेतृत्व करने पर गर्व व्यक्त किया, जो अपनी वीरता, समृद्ध विरासत और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के लिए जानी जाती हैं।

उन्होंने अपने पूर्ववर्ती अधिकारी के उत्कृष्ट नेतृत्व और योगदान के लिए आभार भी व्यक्त किया। यह परिवर्तन परंपरा की निरंतरता को दर्शाता है और सभी रैंकों में रेजिमेंट की भावना, एकजुटता और संचालन उत्कृष्टता को और मजबूत करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित