नयी दिल्ली , दिसंबर 16 -- गोवा के 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब के मालिकों, लूथरा बंधुओं, को मंगलवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। ये दोनों भाई क्लब में आग लगने के कुछ ही घंटों बाद थाईलैंड भाग गये थे और भारत सरकार की ओर से की गयी पहल के बाद इन्हें स्वदेश लाया गया है।

ये दोनों भाई आज दोपहर 1.45 बजे इंडिगो की उड़ान से दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों को पटियाला हाउस अदालत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा, जहाँ गोवा पुलिस उनके ट्रांजिट रिमांड की मांग कर सकती है।

गौरतलब है कि उत्तरी गोवा के आरपोरा में 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में 6 और 7 दिसंबर की दरमियानी रात को आग लगने की दुर्घटना के कारण 25 लोगों की मौत हो गई थी। अधिकांश पीड़ितों की मौत दम घुटने से हुई थी।

पीड़ितों में से एक के वकील विष्णु जोशी ने यूनीवार्ता से बात करते हुए जोर देकर कहा कि वह आरोपी भाइयों द्वारा दायर किसी भी जमानत याचिका का विरोध करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित