रायपुर , दिसंबर 18 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी से सटे खरोरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट के विरोध पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना खरोरा-रायपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम बरौंडा स्थित किंग द ढाबा एंड रेस्टोरेंट के सामने हुई।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल रात करीब 11:30 बजे मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक खरोरा की ओर से ढाबे के सामने पहुंचे। उन्होंने पहले बलौदाबाजार जाने का रास्ता पूछा और इसके बाद अचानक चाकू निकालकर लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान ढाबे के बाहर बैठे शिवकुमार साहू से मोबाइल फोन छीना गया। जब शिवकुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके सीने पर चाकू से जानलेवा वार कर दिया और लूटपाट कर फरार हो गये।
घटना में गंभीर रूप से घायल शिवकुमार साहू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि शिवकुमार अपने 11 दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने और पार्टी करने आया था। वह और उसके साथी सिलतरा स्थित आबकारी वेयरहाउस में कार्यरत थे। घटना के समय शिवकुमार समेत दो अन्य युवक ढाबे के बाहर बैठे हुए थे।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम, एसीसीयू प्रभारी सचिन सिंह सहित अपराध शाखा और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
फरार आरोपियों की तलाश में रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित