, Feb. 9 -- त्रिपोली, 9 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) लीबिया के तट के पास एक नाव पलटने से दो शिशुओं सहित 53 प्रवासियों की मौत हो गयी या वे लापता हैं। संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

रबर की इस नाव में 55 लोग सवार थे और यह शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी लीबिया के ज़ुवारा शहर के उत्तर में पलट गयी। लीबियाई अधिकारी सिर्फ दो महिलाओं को बचा पाये। दोनों नाइजीरियाई महिलाएं थीं। आईओएम ने बताया कि एक महिला ने बताया कि उसने इस हादसे में अपने पति को खो दिया। दूसरी ने अपने दो बच्चों को खोया।

यह नाव पांच फरवरी की देर रात पश्चिमी शहर अल-ज़ाविया से निकली थी। बचे हुए लोगों ने आईओएम को बताया कि जब नाव में पानी भरने लगा तो यात्रा शुरू होने के लगभग छह घंटे बाद वह पलट गयी।

आईओएम ने कहा कि उसकी टीमों ने महिलाओं को आपातकालीन मेडिकल मदद दी। केन्द्रीय भूमध्य सागर दुनिया के सबसे खतरनाक प्रवासन रास्तों में से एक बना हुआ है। इस नयी त्रासदी से 2026 में यहां मरने वालों की संख्या कम से कम 484 हो गयी है। एजेंसी ने चेतावनी दी कि तस्करी नेटवर्क खराब नावों का इस्तेमाल करके प्रवासियों का फायदा उठा रहे हैं। उसने "सुरक्षा-केंद्रित" अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रियाओं और प्रवासन के लिए सुरक्षित कानूनी रास्तों की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित