शिमला , दिसंबर 20 -- हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों, खास तौर पर जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में अगले 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम हिमपात होने का अनुमान है। लंबे समय से चल रहे सूखे के बीच इस पूर्वानुमान ने राहत की उम्मीद जगा दी है।
लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन के अनुसार, 20 दिसंबर की सुबह आठ बजे से 22 दिसंबर की सुबह आठ बजे तक बारिश और हिमपात के आसार हैं। जिले के कई हिस्सों में बर्फ गिरने की उम्मीद है, जिसकी सबसे अधिक संभावना 21 दिसंबर को जतायी गयी है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 दिसंबर को केलोंग में हिमपात की 95 प्रतिशत होने का अनुमान है, जबकि उदयपुर में उसी दिन बर्फ गिरने के आसार 75 से 90 प्रतिशत के बीच है। स्पीति घाटी के काजा में भी 21 दिसंबर को 80 प्रतिशत और 22 दिसंबर को भी हिमपात होने का अनुमान है।
विभाग के अनुसार, 20 दिसंबर को आसमान में मुख्य रूप से बादल छाये रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 21 दिसंबर को हिमपात में में तेजी आएगी। विभाग ने 20 और 21 दिसंबर को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू-मंडी के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश या हिमपात का अनुमान जताया है।अधिकारियों का कहना है कि हिमपात के बाद न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ जाएगा।दिसंबर में असामान्य गर्मी के कारण हिमाचल प्रदेश में मौसम असामान्य रूप से गर्म बना हुआ है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर चल रहा है।
राज्य की राजधानी शिमला में शुक्रवार की रात का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दिसंबर के सामान्य औसत (पांच से छह डिग्री) से करीब छह से सात डिग्री अधिक है। यह पिछले कुछ दशकों में दिसंबर की सबसे गर्म रातों में से एक रही। शिमला में दिन का तापमान भी करीब 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
इसी तरह के हालात अन्य जिलों में भी हैं। धर्मशाला में रात का तापमान सामान्य से 4-5 डिग्री ऊपर (9 डिग्री सेल्सियस) रहा, जबकि दिन का तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया। ऊना, सोलन, हमीरपुर और कांगड़ा में भी दिन का तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
यहां तक कि लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी, जहाँ आमतौर पर कड़ाके की ठंड होती है, न्यूनतम तापमान सामान्य (शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस) से 2-4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, बिलासपुर और मंडी के कुछ हिस्सों में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाये रहनेसे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित