केलॉन्ग , दिसंबर 18 -- हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति जिले में मौसमी स्थितियां बहुत ही अनिश्चित हो गयी हैं और तापमान के हिमांक बिंदु से नीचे जाने तथा पाला पड़ने से सड़कें बहुत ज़्यादा फिसलन भरी हो गई हैं ।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) द्वारा जारी दैनिक स्थिति रिपोर्ट के अनुसार बादल छाए रहने या आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बावजूद इस मौसम में अब तक इस आदिवासी जिले के ऊंचे इलाकों में सिर्फ़ हल्की और रुक-रुक कर बर्फबारी हुई हैं। जिससे स्थानीय लोगों, किसानों और प्रशासन सभी में चिंता बढ़ गयी हैं।
दैनिक रिपोर्ट के अनुसार एहतियात के तौर पर जिले की ज़्यादातर मुख्य सड़कें बंद हैं जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग 003 पर ग्राम्फू-रोहतांग पास का रास्ता और दारचा-सरचू सड़क बंद कर दी गई है, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग -505 पर ग्राम्फू-बटाल और लोसार-बटाल के रास्ते भी बंद हैं। कुछ ही रास्तों पर सीमित संपर्क उपलब्ध है, ग्राम्फू-कोकसर सिर्फ़ हल्के मोटर वाहनों के लिए खुला है और दारचा-शिंकुला सड़क सिर्फ़ चार गुणा चार वाहनों के लिए खुली है। स्पीति सबडिवीजन में चंद्र ताल में सार्वजनिक निर्माण विभाग की एक सड़क अभी भी बंद है।
अधिकारियों ने बताया कि सड़कें भारी बर्फबारी के कारण नहीं, बल्कि गंभीर पाला, काली बर्फ और नालों के जमने के कारण बंद हैं, जिससे ये खतरनाक रूप से फिसलन भरी हो गई हैं।
एक अधिकारी ने कहा, "मानव जीवन के लिए खतरा ज़्यादा है। ऐसी स्थितियों में एक छोटी सी गलती भी जानलेवा साबित हो सकती है।" अगले 48 घंटों के मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार केलॉन्ग, उदयपुर और काज़ा में बारिश या बर्फबारी की बहुत कम संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार कभी कभी बादल घने या आंशिक रूप से छाये रह सकते हैं और बारिश की संभावना शून्य से 24 प्रतिशत के बीच रहेगी। जिले के लिए कोई मौसम पूर्वानुमान जारी नहीं किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित