श्रीगंगानगर , दिसम्बर 20 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में लायंस क्लब श्रीगंगानगर मेन ने सामान्य विधि प्रवेश परीक्षा (सीएलएटी) में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम रैंक हासिल करने पर शहर की होनहार युवती गीताली गुप्ता का सम्मान किया है।
क्लब के सदस्यों ने शनिवार को गीताली गुप्ता को शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल भेंट करके, पगड़ी पहनाकर और मोतियों की माला से सम्मानित किया। उन्हें एक विशेष स्मृति चिह्न भी प्रदान किया।
क्लब के अध्यक्ष नौरंगराय गर्ग ने गीताली को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गीताली ने अपनी कड़ी मेहनत से न केवल व्यक्तिगत सफलता हासिल की है, बल्कि पूरे श्रीगंगानगर और राजस्थान को गौरवान्वित किया है। वह कामना करते हैं कि वह इसी तरह आगे बढ़ती रहे और देश-दुनिया में अपना और अपने शहर का नाम ऊंचा करती रहे।
क्लब के सचिव सीए संजय बंसल, कोषाध्यक्ष रमेशकुमार बंसल, मनीष गुप्ता, आशीष जैन आदि इस मौके पर उपस्थित रहे। सभी ने गीताली की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और युवा पीढ़ी को इससे प्रेरणा लेने का अनुरोध किया। श्री संजय बंसल ने कहा कि गीताली की उपलब्धि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित