श्रीगंगानगर , फरवरी 03 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में लायंस क्लब इंटरनेशनल की ओर से एक यादगार उत्सव सोमवार रात को हनुमानगढ़ मार्ग पर स्थित एक प्रमुख होटल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर मुख्य रूप से श्री जगदंबा मूक बधिर एवं अंध विद्यालय के संस्थापक स्वामी ब्रह्मदेव का श्रद्धापूर्वक अभिनंदन और सम्मान किया गया, जिन्हें हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा प्रतिष्ठित पद्मश्री सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गयी है।

इस अवसर पर स्वामी ब्रह्मदेव ने अपने आशीर्वचन में लायंस क्लब की वैश्विक स्तर पर समाज सेवा में अग्रणी भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी शास्त्रों का निष्कर्ष यही है कि परोपकार से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं है और लायंस क्लब इसी अवधारणा पर कार्यरत है। पद्मश्री पुरस्कार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मान वास्तव में इस क्षेत्र के लोगों को मिला है, वे तो मात्र एक निमित्त हैं। यहां के लोग दयावान, उदार और दिल खोलकर सहयोग करने वाले हैं, जिनके योगदान से उनके छोटे से प्रयास को बड़ा मकाम मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित