रायपुर , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के लाभाण्डी स्थित आबकारी भवन में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड के कार्यालय में आग लगने की घटना सामने आई है।
यह जानकारी विभाग ने आज दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को शाम लगभग 8:30 बजे आग भवन के तृतीय तल पर स्थित एक कक्ष में बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना में कार्यालय में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर और यूपीएस जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। प्रारंभिक अवलोकन में यह स्पष्ट हुआ कि किसी भी महत्वपूर्ण दस्तावेज को नुकसान नहीं पहुंचा है। कार्यालय की सभी फाइलें लोहे की अलमारियों में सुरक्षित रखी गई थीं।
उन्होंने बताया कि रात्रि ड्यूटी पर तैनात गार्ड को तृतीय तल के एक कक्ष से जलने जैसी गंध महसूस होने पर तत्काल अन्य स्टाफ को सूचना दी गई। स्टाफ द्वारा तुरंत मौके पर पहुंचकर भवन में उपलब्ध अग्निरोधक उपकरणों की सहायता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान को टाला जा सका। मौके पर किए गए मुआयने में यह पाया गया कि आग से केवल प्रिंटर और यूपीएस ही प्रभावित हुए हैं। किसी अन्य सामग्री अथवा भवन के अन्य कक्षों में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का अवलोकन किया। इसके बाद 08 फरवरी को सुबह पुनः अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें यह पुष्टि हुई कि इस घटना में किसी भी आवश्यक दस्तावेज को कोई क्षति नहीं पहुंची है।
घटना के बाद कार्यालय परिसर में सुरक्षा और विद्युत व्यवस्था की समीक्षा किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित