लखनऊ , फरवरी 03 -- उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

मंगलवार को सिंचाई विभाग मुख्यालय, उदयगंज में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यदि कार्यों में कोताही पाई गई तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है। उन्होंने निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता, निर्धारित मानकों और तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ किसानों तक पहुंच सके।

स्वतंत्र देव सिंह ने यह भी कहा कि वे स्वयं शीघ्र ही विभिन्न परियोजनाओं का भौतिक निरीक्षण करेंगे, जिससे जमीनी हकीकत का आकलन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

जलशक्ति मंत्री ने दोहराया कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा कर प्रदेश के किसानों को अधिकतम लाभ पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित