बैतूल , फरवरी 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर क्षेत्र में दो माह से लापता एक युवक का शव बुधवार को उसके ही घर के पीछे स्थित बाड़ी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अरविंद प्रजापति के रूप में हुई है, जो पतौवापुरा का निवासी था और शेयर ट्रेडिंग का कार्य करता था।
परिजनों के अनुसार अरविंद 5 दिसंबर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। बताया गया कि अरविंद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। बुधवार को घर के पीछे की ओर से तेज बदबू आने पर परिजनों ने तलाश की, तो बाड़ी में शव दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मौत दो से तीन दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित