भरतपुर , मार्च 25 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को पिछले 10 दिन से लापता युवक का शव गांव के ही एक व्यक्ति के घर के पीछे खेत में दबा मिला इससे गांव में तनाव व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगला सुल्ताना गांव में होटल और ढाबों में मजदूरी करने वाला अविवाहित भूपेंद्र राजपूत (25) गत 13 मार्च से लापता था। उसके पिता मानसिंह राजपूत ने 15 मार्च को उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ और मोबाइल के विवरण के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इस पर पुलिस ने कल देर रात गांव में ही एक व्यक्ति के घर के पीछे खेत में खुदाई करवाकर शव बाहर निकलवाकर उप जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। बुधवार को मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले की जानकारी के मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद, अतिरिक्ति पुलिस अधीक्षक हरिराम कुमावत सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गये और घटना का जायजा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित