भरतपुर , जनवरी 21 -- राजस्थान में धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में झीलरा के एक आवासीय कोचिंग सेंटर से मंगलवार देर रात अचानक लापता हुए छह छात्रों में से तीन छात्रों को बुधवार को पुलिस ने ढूंढ निकाला।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अन्य तीन छात्रों के अपने-अपने घर पहुंच जाने की सूचना के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुकुल नवोदय कोचिंग एंड लर्निंग सेंटर से छात्रों के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजन देर रात ही कोचिंग सेंटर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की, लेकिन रात भर उनका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद परिजनों ने बुधवार को कोचिंग सेंटर पर हंगामा किया। पुलिस ने बताया कि कुछ छात्र महुआ खेड़ा कंचनपुर थाना क्षेत्र में मिले हैं, जिन्हें पुलिस थाने लेकर आयी है। पुलिस इस पूरे मामले को लेकर छात्रों के परिजनों और कोचिंग संचालक से पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित