आजमगढ़ , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में रहस्यमय ढंग से लापता अमीन सुरेश उपाध्याय का शव मंगलवार देर शाम खेत में मिला।

पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के अनुसार 17 जनवरी से ही तहसील में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद ड्यूटी पर निकले अमीन सुरेश उपाध्याय (58) लापता हो गए थे। आजमगढ़ शहर कोतवाली में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस की माने तो उनका पता लगाने के लिए कुल छह टीमें गठित की गई थी लेकिन आज उनका शव सिधारी थाना क्षेत्र के बसपा कार्यालय के निकट नरौली गांव के पास सड़क के किनारे खेत में बरामद हुआ ।

शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह, अपर जिला अधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, एसडीएम सदर नरेंद्र गंगवार, सीओ सिटी शुभम तोड़ी एवं थाना सिधारी प्रभारी पुलिस बल व फील्ड यूनिट टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित