लातेहार , अप्रैल 16 -- झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा के तिलैयाटांड़ स्थित मदरसा खैरुल उलूम परिसर में गुरुवार को झारखंड अंजुमन के बैनर तले मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। 265 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह किया गया तथा रक्तदान का कार्य पहुंचे। आयोजन में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है।

श्री अंसारी ने कहा कि रक्तदान किसी जाति या धर्म से जुड़ा नहीं है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर मदरसा खैरुल उलूम के विकास के लिए 50 बेड के हॉस्टल निर्माण की घोषणा की। साथ ही ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया और कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए बच्चों का शिक्षित होना आवश्यक है।

झामुमो जिलाध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि जिले में रक्तदान को एक अभियान के रूप में चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के लिए भटकना न पड़े। झारखंड अंजुमन के जुनैद अनवर ने मंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों एवं गरीबों की सेवा करना है। अंजुमन इस्लामिया रांची के सदर मो. मुख्तार ने कहा कि गरीबों की सेवा ही सच्ची सेवा है और समाज में सभी धर्मों के बीच सौहार्द बनाए रखना आवश्यक है। डॉ. तारिक हुसैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इस प्रकार के जनहित कार्यों में आगे आने की अपील की।

शिविर के दौरान रांची से आई महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. रुमिता आफरीन तथा फिजिशियन डॉ. मोईनुल हक द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें लोगों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री एवं अन्य अतिथियों द्वारा रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन मदरसा के नाजिम मौलाना रिजवान दानिश नदवी एवं इरशाद मुन्ना ने किया।

इस अवसर पर झामुमो जिला उपाध्यक्ष सितमोहन मुंडा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीना देवी, शमशुल होदा, प्रखंड उपप्रमुख अश्विनी मिश्रा, प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष नौशाद अंसारी, अंजुमन कमेटी के हाजी फिरोज अहमद, डॉ. शम्स रजा, मो. अब्दाल, जावेद अख्तर, रंजीत उरांव, मो. शमशाद, मुबारक आलम, असगर खान, बेलाल अहमद, बाबर खान, बबलू राही, साजिद खान धन्नु, मो. इजहार, औरंगजेब खान, जमील खान, शमीम, इरफान, डबलू सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित