रांची , फरवरी 12 -- झारखंड प्रदेश भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में राज्य चुनाव आयोग पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग किया कि लातेहार के नगर पंचायत अध्यक्ष बिलासी देवी के पति निलेश टोप्पो जो सहायक सोशल सिक्योरिटी सेल समाहरणालय में पदस्थापित है, उनको चुनाव परिणाम तक तत्काल उनके पद से मुक्त किया जाय या तबादला किया जाय।
श्रीवास्तव ने बताया कि नीलेश टोप्पो जो एक सरकारी कर्मचारी है और अपनी पत्नी बिलासी देवी को जिताने के लिए सरकारी पद और तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं, यह मामला सर्विस कोड ऑफ़ कंडक्ट का मामला है, साथ ही यह हितों के टकराव(कॉन्फ़्लिक्ट ऑफ़ इंटरेस्ट) का भी मामला है। पूर्व में इसकी शिकायत तीन दिन पहले नौ फरवरी को लातेहार जिला निर्वाची अधिकारी सह अपर समाहर्ता के पास की गई थी पर अभी तक कोई कारवाई नहीं की गई।
नियम यह है की कोई सरकारी पदाधिकारी की पत्नी या पति या रिश्तेदार चुनाव लड़ रहे हों तो उस व्यक्ति को पहले से इसकी घोषणा निर्वाची पदाधिकारी एवं अपने विभाग में देनी होती है कि चुनाव परिणाम तक उन्हें उक्त पद से मुक्त रखा जाय। निलेश टोप्पो को शिकायत के बाद भी जिला निर्वाची अधिकारी द्वारा नहीं हटाया जाना यह संदेह कर रहा है की लातेहार में चुनाव पक्षपात होकर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में सूरज चौरसिया और सुबोध कांत शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित