रांची , मई 08 -- झारखंड के लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत कोपे पंचायत के गेरुआ गांव के समीप जंगल से शुक्रवार को एक युवक और युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गांव के कुछ लोग मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर युवक और युवती के शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने शोर मचाया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना तत्काल मनिका थाना पुलिस को दी गई।
थाना प्रभारी प्रभात दास के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पता चला कि दोनों मनिका थाना क्षेत्र के ही निवासी थे। युवक की पहचान सुनील कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी कुछ महीने पहले ही हुई थी।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
थाना प्रभारी प्रभात दास ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
ज्ञातव्य है कि इससे पहले 1 मई को लातेहार सदर थाना क्षेत्र के रिचुघुटा में रेलवे लाइन के पास भी एक प्रेमी युगल का शव बरामद हुआ था। उस मामले में युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी और पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगातार दूसरी बार प्रेमी युगल का शव मिलने की घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित