रांची , मार्च 06 -- झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में माल्हन पंचायत के पिपराटोली में गुरुवार रात एक जंगली हाथी के हमले में 59 वर्षीय वृद्ध टिबरू गंझू की मौत हो गई।

मृतक की पत्नी शनिचरिया देवी ने बताया कि उनके पति शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान वहां घूम रहे एक जंगली हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

उन्हें पटक-पटक कर मार डाला। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, जिसके बाद वे लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़े मिले।

घटना की सूचना मिलने पर आज रेंजर नंदकुमार महतो पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक की पत्नी शनिचरिया देवी को तत्काल सहायता के रूप में 40 हजार रुपए प्रदान किए। साथ ही, ग्रामीणों के बीच 10 टॉर्च का वितरण भी किया गया।

रेंजर श्री महतो ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार को 3 लाख 60 हजार रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि क्षेत्र में जंगली हाथियों का विचरण हो रहा है, इसलिए रात के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सतर्क रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित