लातेहार , अप्रैल 05 -- झारखंड के लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र के गम्हरिया डैम में एक दर्दनाक हादसे में आदिम जनजाति के दो लोगों का पानी में डूबने से मौत हो गई।

मृतक की पहचान 18 वर्षीय विशाल परहिया और 32 वर्षीय मनोज परहिया के रूप मे हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक शनिवार की शाम गम्हरिया डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान गहराई का अंदाजा नहीं लगने से वे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान विशाल परहिया (18 वर्ष), पिता उपेंद्र परहिया, छिपादोहर का रहने वाला है और दूसरा मनोज परहिया (32 वर्ष), बरवाडीह के नटवाबर का रहने वाला है। बताया जाता है कि मनोज परहिया छिपादोहर में अपने ससुराल में रह रहा था। मृतक मनोज परहिया का एक 2 वर्षीय बेटा और 5 वर्षीय बेटी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर लातेहार में पोस्मार्टम में बाद दोनों शव को आज उनके स्वजनों को सौंप दिया। इस हादसे के बाद मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से डैम के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इसके साथ मृतक आदिम जनजाति का विशाल परहिया व मनोज परहिया के स्वजनों को सरकारी सहायता राशि की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित