लातेहार , जनवरी 19 -- झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ओरसा घाटी में रविवार को एक दर्दनाक बस दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने आज मृतकों की संख्या की पुष्टि की है। घटना इतनी भयानक थी कि पांच लोगों की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि बाकी पांच ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में चार महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी हैं।
इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनमें सीतापति देवी, प्रेमा देवी, सोनामती देवी, रेशन्ति चेरवा, सुखना भुइयां, विजय नगेसिया, लीलावती सोनवानी, रमेश मनिका, फगुआ राम और परशुराम सोनवानी शामिल हैं। एक साथ दस जिंदगियां बुझ जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घरों में चूल्हे ठंडे हैं और अपनों की आंखें अपने प्रियजनों को खोजती रह गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के जनप्रतिनिधि महुआडांड़ पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। अस्पताल की गलियों में पसरा सन्नाटा और बिलखते स्वजन इस त्रासदी की गवाही दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर सुविधा वाले अस्पतालों में रेफर किया गया है। करीब 35 से अधिक घायल महुआडांड़ के अस्पताल में भर्ती हैं।
घायलों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लगातार मोर्चा संभाले हुए है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस हादसा ब्रेक फेल होने और खराब सड़क परिस्थितियों के कारण हुआ।
हादसे के बाद इलाके में मातमी माहौल है और लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों के सुरक्षित लौटने की खबर का इंतजार कर रहे हैं। इस दुखद घटना ने न केवल परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है, बल्कि पूरे क्षेत्र को भी झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित