भोपाल , मार्च 20 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के साथ एक तरह का छल है।

शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर श्री पटवारी ने कहा कि सरकार ने तीन हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन केवल 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश की चार करोड़ महिलाओं में से मात्र एक करोड़ को ही योजना का लाभ मिल रहा है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं वंचित हैं।

श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी की स्थिति भयावह हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकारों में युवाओं को रोजगार के सपने दिखाए गए, लेकिन हकीकत में मध्यप्रदेश बेरोजगारों का गढ़ बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बैकलॉग पदों की भर्ती, सामूहिक विवाह योजना और विधवा पेंशन जैसी योजनाओं में भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। विधवा पेंशन मात्र 600 रुपये दी जा रही है, जो अपर्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य लगातार कर्ज ले रहा है, जिससे युवाओं के भविष्य पर बोझ बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित