प्रयागराज , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश के संगम नगरी प्रयागराज में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली का पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाये जाने की तैयारी की जा रही है। इस बार संगम का तट लाखों दियों की रोशनी से जगमगा उठेगा।
काशी की तर्ज पर पिछले कई वर्षों से देव दीपावली का पर्व यहां बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है।इस बार जिला प्रशासन ने भव्य तरीके से देव दीपावली के आयोजन की तैयारी की है।
जिलाधिकारी मनीष वर्मा ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की है। डीएम के मुताबिक आयोजन से जुड़े विभागों को जिम्मेदारियां दे दी गई है। संगम तट पर लेवलिंग कराकर ब्लॉक बनाये जा रहे हैं। हर ब्लाक में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। स्वयंसेवी संस्थाओं, स्कूली बच्चों और विभिन्न विभागों को मिलाकर संयुक्त रुप से देव दीपावली का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ताकि भव्य तरीके से आयोजन हो सके। इनके मुताबिक संगम रोड पर भव्य गंगा आरती और भजन संध्या के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
वर्मा के मुताबिक इस बार 10 लाख दिए जलाने का लक्ष्य रखा गया है।वहीं तीर्थ पुरोहितों ने भी देव दीपावली के आयोजन को खास बनाने के लिए दीपदान की तैयारी की है। इसके साथ ही साथ कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर भी संगम पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। कार्तिक पूर्णिमा के स्नान में आने वाले वाहनों के लिए भी ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित