अल्मोड़ा , मार्च 01 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा की धौलछीना पुलिस ने रविवार को लाइसेंसी बंदूक से गोलीबाड़ी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसा,र धौलछीना के मंगलता निवासी सुरेश सिंह चम्याल ने धौलछीना पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि राजू उर्फ राजेन्द्र सिंह नेगी नामक व्यक्ति ने उसके भाई अर्जुन सिंह, बहु दीपा देवी व भतीजा मनजीत सिंह के साथ गाली गलौज की और अपनी बन्दूक से गोलीबारी कर दहशत फैला दी।
धौलछीना के थाना प्रभारी सुनील सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने भारतीय न्याय संहिता की धारा-109(1), 352 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और जांच में आये तथ्यों के आधार पर आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक एवं खोखा कारतूस बरामद भी किया गया।
आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को रद्द करने की संस्तुति जिलाधिकारी से की गई है। आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि तनाव में उसने गोलीबारी की। आरोपी के खिलाफ एक मुकदमा पहले से दर्ज है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित