रायपुर/सरगुजा , फरवरी 10 -- त्तीसगढ़ में सरगुजा जिले में लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कसाबेल, जिला जशपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई बंदूक भी बरामद कर ली गई है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और गांधीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी अमोद कुमार एक्का, निवासी ग्राम टेडापहाड़ जिला जशपुर, वर्तमान में प्रतापपुर नाका अंबिकापुर में रहते हैं और पंजाब एंड सिंध बैंक में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। 08 फरवरी को दोपहर करीब एक बजे वह पुराने किराये के मकान नवापारा से नए कमरे में सामान शिफ्ट कर रहे थे। परिवार के सदस्यों को ऑटो में भेजने के बाद वह अपनी लाइसेंसी बंदूक कंधे पर टांगकर पैदल जा रहे थे। नवापारा कुम्हारपारा ढलान के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बैठने को कहा और मौका पाते ही बंदूक छीनकर फरार हो गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 72/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की। साइबर सेल से मिली जानकारी के बाद कसाबेल क्षेत्र से संदिग्ध को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जयपाल लकड़ा, पिता स्वर्गीय चमरू लकड़ा, उम्र 45 वर्ष, निवासी महादेवडांड बीसबहरी थाना बगीचा जिला जशपुर, हाल मुकाम गोधनपुर थाना गांधीनगर बताया। उसने लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से डबल बैरल बंदूक बरामद कर ली गई है और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित