भिण्ड , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार जनपद अध्यक्ष मीना सिंह राजावत के घर पर हुई फायरिंग के मामले में भिण्ड पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने दो आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस के अनुसार जिन आरोपियों पर इनाम रखा गया है, उनमें लहार निवासी हृदेश सिंह भदौरिया, निवासी भीकमपुरा रोड तथा वैशपुरा निवासी शिवप्रताप राजावत शामिल हैं। लहार थाना पुलिस दोनों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना 27 नवंबर की रात की है, जब अज्ञात बदमाशों ने जनपद अध्यक्ष मीना सिंह राजावत के घर पर फायरिंग की थी। इस संबंध में लहार थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।

जनपद अध्यक्ष के पति मानवेन्द्र सिंह राजावत ने पुलिस को बताया कि वे रात में एक शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचे थे। जैसे ही वे घर के भीतर दाखिल हुए, पीछे से घात लगाए बदमाशों ने घर की दीवार की ओर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर उनकी बेटी बाहर निकली और वे स्वयं भी बाहर आ गए।

इसी दौरान एक बदमाश ने उन पर कट्टा तानकर गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन कारतूस फंस जाने के कारण फायर नहीं हो सका। बदमाश ने कारतूस निकालने का प्रयास भी किया, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। मानवेन्द्र राजावत ने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की, तभी उसका साथी बाइक लेकर मौके पर पहुंचा और धक्का देकर दोनों बदमाश फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित