श्रीनगर , मार्च 26 -- जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) ने गुरुवार को घाटी में कई जगहों पर छापेमारी की।

यह छापेमारी पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में की जा रही है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि सीआईके ने श्रीनगर, शोपियां और गांदरबल जिलों में 10 जगहों पर तलाशी अभियान चलाया। यह तलाशी सीआईके थाने में दर्ज एक नए आतंकी जांच मामले के तहत की गई। अधिकारियों ने बताया कि ये छापेमारी एक सक्षम अदालत से तलाशी वारंट हासिल करने के बाद की गयी ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांदरबल जिले में छह जगहों पर शोपियां जिले में तीन जगहों पर और श्रीनगर जिले में एक जगह पर तलाशी ली गई। यह जांच एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय आतंकी मॉड्यूल से जुड़ी है, जिसे कथित तौर पर शब्बीर अहमद लोन नाम का व्यक्ति चला रहा है। शब्बीर अहमद लोन लश्कर-ए-तैयबा का एक ऑपरेटिव है, जो मूल रूप से गांदरबल के कंगन इलाके का रहने वाला है और फिलहाल बंगलादेश में रह रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित