ललितपुर , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के महरौनी कोतवाली क्षेत्र में रविवार को हाईस्कूल की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार कोतवाली महरौनी क्षेत्र के ग्राम धवारी निवासी 16 वर्षीय माधुरी पुत्री जानकी जीजीआईसी महरौनी की कक्षा 10 की छात्रा थी। घटना के समय वह घर पर अकेली थी। उसकी मां प्रेमबाई खेतों में फसल कटाई के लिए मजदूरी करने गई थी, जबकि पिता अपनी बीमारी के इलाज के लिए ग्वालियर गए हुए थे।
बताया गया कि माधुरी ने घर के एक कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। दोपहर बाद जब उसकी मां मजदूरी कर घर लौटी तो उसने पुत्री को फंदे से लटका देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से छात्रा को फंदे से नीचे उतरवाया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित