ललितपुर , मई 06 -- उत्तर प्रदेश के ललितपुर में बुधवार को मामा की शादी में डीजे पर चढ़कर नाचते समय अनियंत्रित होकर गिरने से मासूम भांजे की मौत हो गई।
थाना पाली क्षेत्रांतर्गत ग्राम पठारी निवासी दिब्बू उर्फ देव (08) पुत्र कल्लू अपने माता-पिता के साथ सदर कोतवाली अंतर्गत मुहल्ला चौकाबाग में स्थित अपने मामा सौरभ घुटारी की शादी में शामिल होने के लिए आया था, जब दिन में निकल रही बारात में सभी रिश्तेदार, मित्र व दिब्बू आदि नाच रहे थे।
इसी दौरान किसी बाराती ने दिब्बू को डीजे पर चढ़ा दिया तो दिब्बू डीजे पर नाचने लगा। जब बारात शादी घर पर पहुंची तो डीजे चालक तेजी से अपना डीजे लेकर जाने लगा, इसी दौरान दिब्बू असंतुलित होकर जमीन पर गिरकर घायल हो गया। परिजन उसे उपचार हेतु ललितपुर मेडिकल कॉलेज ले गये, जहां चिकित्सकों ने दिब्बू को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित